कंगना रनौत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर्ज लेकर सोनिया गांधी को देती है।

0
IMG-20240923-WA0003

शिमला: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ऋण लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को दे देती है, जिससे राज्य का खजाना “खाली” हो जाता है। यहां एक गांव में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए रनौत ने कहा, “हर कोई जानता है कि भ्रष्टाचार व्याप्त है और कांग्रेस शासित राज्य सरकारों ने अपने-अपने राज्यों को खोखला कर दिया है।” उन्होंने आश्चर्य जताया कि पार्टी (कांग्रेस) चुनावों पर “इतना” खर्च कैसे करती है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘वे कर्ज लेते हैं और सोनिया गांधी को देते हैं जिससे राज्य खाली हो गया है।’’ रनौत ने कहा, ‘‘आपदाओं और कांग्रेस सरकार ने राज्य को दशकों पीछे धकेल दिया है और मैं लोगों से मौजूदा सरकार को हटाने की अपील करती हूं।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अगर हम आपदा कोष देते हैं तो यह मुख्यमंत्री राहत कोष में जाना चाहिए, लेकिन सभी जानते हैं कि यह सोनिया राहत कोष में जाता है।’’
हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में रनौत के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर कटाक्ष करते हुए मंडी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद ने कहा, ”राजा के बेटे की करतूतें सभी को पता हैं और लोग सड़कों पर गड्ढों से तंग आ चुके हैं।” उन्होंने कहा, ”मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए जितना संभव हो सकेगा, करूंगी, लेकिन पीडब्ल्यूडी मंत्री (विक्रमादित्य सिंह) को भी कुछ करना चाहिए।” रनौत ने कहा, ”अगर आप देश को बचाना चाहते हैं, तो आपको भाजपा को लाना होगा।” उन्होंने लोगों से भाजपा का सदस्य बनने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक “युगपुरुष” हैं और वे सूक्ष्म स्तर पर स्थितियों से निपटते हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की स्थिति, जहां वेतन और पेंशन में देरी हो रही है और लोगों को मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा से वंचित किया जा रहा है, देश के बाकी हिस्सों से छिपी नहीं है। रनौत ने दावा किया कि प्राथमिक विद्यालयों में खेल सुविधाएं बंद की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एथलीटों और खिलाड़ियों की नींव कम उम्र में रखी जाती है और ऐसा लगता है कि हिमाचल को नष्ट करने की साजिश है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार बच्चों का भविष्य बर्बाद करने की कोशिश कर रही है, लेकिन मेरा लक्ष्य मंडी निर्वाचन क्षेत्र में एक बड़ा खेल परिसर बनाना है।”

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.