हजारों लोगों ने नम आंखों से दी विदाई

0

➡️ शहीद कर्णवीर सिंह को हजारों लोगों ने नम आँखों से दी विदाई.
➡️ शहीद कर्णवीर सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा ग्राम दलदल के लाल ने प्रदेश ही नहीं देश का नाम रोशन किया,शहीद के परिवार को एक करोड़ रूपये की सम्मान निधि भेंट की जायेगी।
______________________________________________

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना जिले के ग्राम दलदल पहुंचकर आतंकवादियों से संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान करने वाले कर्णवीर सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम दलदल के लाल शहीद कर्णवीर सिंह ने प्रदेश ही नहीं देश का नाम रोशन किया है। अपने जन्मदिवस के दिन कर्णवीर सिंह ने भारत माता की सेवा करते हुए दो आतंकवादियों को ढेर किया। इस संघर्ष में उन्हें भी अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा। कर्णवीर सिंह सदा-सदा के लिये अमर हो गए हैं। कर्णवीर सिंह का पूरे सैनिक तथा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद के परिवार को एक करोड़ रूपए की सम्मान निधि भेंट की जायेगी। उनके भाई शक्ति सिंह को सरकारी नौकरी दी जायेगी। ग्राम दलदल में शहीद की स्मृति को चिर स्थायी बनाने के लिये मूर्ति लगाई जाएगी। परिवार के लोगों की सहमति के अनुसार किसी एक संस्था का नाम शहीद कर्णवीर सिंह के नाम पर किया जाएगा। मैं मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से शहीद के चरणों में नमन करता हूँ। उनका परिवार अब पूरे प्रदेश का परिवार है। धन्य है दलदल गांव की धरती जिसने ऐसे शहीद को जन्म दिया। शहीद कर्णवीर सिंह के पिता सेवानिवृत्त मेजर रवि प्रताप सिंह तथा माता श्रीमती मिथिलेश सिंह को भी मैं सादर नमन करता हूँ। उनका परिवार हम सबके लिए वंदनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद कर्णवीर सिंह के पिता मेजर रवि प्रताप सिंह ने अपने बेटे की शहादत पर गर्व किया है। उनके आंख से आंसू की एक बूंद नहीं गिरी। उन्होंने कहा कि यदि मेरे दस बेटे होते तो मैं सभी को भारत माँ पर कुर्बान कर देता। ऐसे देशभक्त परिवार को मैं सादर प्रणाम करता हूँ।

सतना जिले के दलदल निवासी कर्णवीर सिंह भारतीय सेना में 21 राजपूत रेजीमेंट में कार्यरत थे। कर्णवीर सिंह कश्मीर में शोपियाँ में आतंकवादियों से संघर्ष में शहीद हो गए थे। उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से दिल्ली तथा प्रयागराज पहुंचा। प्रयागराज से पूरे सैनिक सम्मान के साथ सड़क मार्ग से गृह ग्राम लाया गया। ग्राम पंचायत परिसर में शहीद श्री कर्णवीर सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। हजारों लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाते हुए नम आंखों से भारत माता के सपूत कर्णवीर सिंह को अंतिम विदाई दी।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री श्री रामखेलावन पटेल, सांसद श्री गणेश सिंह, सांसद राज्यसभा श्री राजमणि पटेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ल, विधायक रामपुर बघेलान श्री विक्रम सिंह, विधायक मैहर श्री नारायण त्रिपाठी, विधायक चित्रकूट श्री नीलांशू चतुर्वेदी, विधायक सतना श्री सिद्धार्थ कुशवाहा, पूर्व विधायक श्री शंकरलाल तिवारी, पूर्व विधायक श्री प्रभाकर सिंह, पूर्व विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह गहरवार, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कमिश्नर रीवा अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, डीआईजी अनिल सिंह कुशवाह, कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह तथा हजारों आमजन उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.