मध्य प्रदेश में धड़ल्ले से शराब की अवैध तस्करी
*मध्य प्रदेश में धड़ल्ले से हो रही है शराब की अवैध तस्करी: आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल*
*मध्य प्रदेश में लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है लेकिन शराब आसानी से पहुंच रही है: आम आदमी पार्टी*
*दिल्ली में हर चीज को लेकर जांच एजेंसियां एक्टिव हो जाती हैं लेकिन भाजपा शासित राज्य में क्यों कार्रवाई नहीं: आप प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल*
*मध्य प्रदेश में चल रहा है माफियाराज, शराब से लेकर रेत माफिया सूबे में सक्रिय: रानी अग्रवाल*
*प्रदेश में माफिया को भाजपा नेता और विधायक ही दे रहे हैं संरक्षण: आप प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल*
*भोपाल, 12 मई 2023*
मध्य प्रदेश में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री और शराब तस्करी को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नई शराब नीति में शराब दुकानें भले ही कम हुईं हों लेकिन अवैध शराब का धंधा खुलेआम चल रहा है। प्रदेश में धड़ल्ले से शराब की तस्करी की जा रही है। शराब माफिया न केवल सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे हैं बल्कि लोगों की जान के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि धार में अमूल दूध के टैंकर से शराब की तस्करी का मामला साबित करता है कि प्रदेश में शराब तस्करों के हौसले कितने बुलंद हैं। ये शराब भाजपा शासित राज्य गुजरात भेजी जा रही थी। हैरत की बात तो ये है कि गुजरात में सालों से शराबबंदी है लेकिन सरकार की मिलीभगत से माफिया मजे में हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जरा-जरा सी बात पर जांच एजेंसियां सक्रिय होकर जांच में जुट जाती हैं लेकिन भाजपा शासित राज्यों में शराब की अवैध तस्करी और नशाखोरी को लेकर इन जांच एजेंसियों को सांप सूंघ जाता है।
रानी अग्रवाल ने आगे कहा कि प्रदेश में नकली शराब से कई जानें जा चुकी हैं, कई अप्रिय घटनाएं सुनने में आती हैं लेकिन उसके बाद भी शराब तस्करी और शराब माफिया पर कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं शराब माफिया को भाजपा नेताओं,भाजपा विधायकों का संरक्षण हासिल है और इसलिए माफिया बच जाते हैं। कई भाजपा नेता तो खुद भी शराब ठेकेदार बन बैठे हैं।
रानी अग्रवाल ने कहा हैरानी की बात है कि जिस प्रदेश में पीने का शुद्ध पानी लोगों को नहीं मिल पा रहा है लेकिन वहां शराब बड़ी आसानी से मिल रही है। माफिया के रसूख और मिलीभगत के कारण आबकारी विभाग भी अवैध तस्करी करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करता है।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि शराब तस्करी का मामला बेहद गंभीर है। ये न केवल प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरनाक है बल्कि लोगों के लिए भी जानलेवा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाए और अगर सरकार ऐसा करने में नाकाम है तो फिर उसे सत्ता में रहने का भी कोई अधिकार नहीं हैं।